Subscribe Us

नाच जमूरा (गीत)


बजी डुगडुगी नाच जमूरा
इधर उधर मत ताक जमूरा।।

खेल तमाशे सभी दिखाना
रखना मेरी नाक जमूरा।
हाथ देखकर जरा बताना
कौन खड़ा है साथ जमूरा।।
झूठ बोलती दुनिया सारी
बस तू ही है सांच जमूरा---

ऐसा ठुमका आज लगाना
हर आंखों की नींद चुराना।
ऐसी जुगत लगाना साथी
गूंजे घर घर मेरा गाना।।
मुख से रहता साथ सदा ही
दिल से भी रह साथ जमूरा---

मन की गांठें खोल जमूरा
सुन आगे कुछ बोल जमूरा।
देख रहा क्यों ऊपर नीचे
रहा किसे अब तोल जमूरा।
किन ख्यालों में है तू डूबा
कानों में रस घोल जमूरा--

सबके मन में झोल जमूरा
खुल ना जाए पोल जमूरा।
कल तक जो थे संगी साथी
आज बोलते बोल जमूरा।।
समझ रहा हैं मन मेरा भी
रिश्तों का भूगोल जमूरा।

बजी डुगडुगी खेल शुरू कर
इत- उत यूं मत ताक जमूरा।।

-मीरा सिंह 'मीरा' बक्सर (बिहार)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ