वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. 'मानव' को उत्तर प्रदेश में मिला दोहरा सम्मान
नारनौल। वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. रामनिवास 'मानव' को, उनकी आजीवन साहित्य-साधना के दृष्टिगत, साहित्य-उदधि सम्मान से सम्मानित किया गया है। केबी हिंदी-सेवा न्यास, बिसौली (उत्तर प्रदेश) के तत्त्वावधान में आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय साहित्यकार सम्मान-समारोह में, उत्तराखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक केवल खुराना की स्मृति में दिये जाने वाले इस सम्मान के अंतर्गत शाॅल, सम्मान-पत्र, स्मृति-चिह्न और पाँच हजार की नकद राशि भेंट कर उन्हें इस विशिष्ट सम्मान से नवाजा गया।
डॉ. नितिन सेठी (बरेली) के कुशल संचालन तथा बदायूँ के प्रमुख साहित्यकार और समाजसेवी अशोक खुराना की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में सिंघानिया विश्वविद्यालय, पचेरी बड़ी (राजस्थान) के प्रोफेसर एवं सांस्कृतिक संकाय के अधिष्ठाता डॉ. रामनिवास 'मानव' मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. 'मानव' ने कहा कि आज साहित्य तो बहुत रचा जा रहा है, लेकिन उसकी प्रासंगिकता निरंतर घटती जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश और समाज से जुड़ा साहित्य ही कालजयी होता है। अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में अशोक खुराना ने कहा कि साहित्य, संवेदना के स्तर पर, व्यक्ति और समाज को जोड़ने का महत्त्वपूर्ण कार्य करता है। इससे पूर्व न्यास के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. सतीशचंद्र शर्मा 'सुधांशु' ने, सभी अतिथियों तथा आमंत्रित साहित्यकारों का स्वागत करते हुए, अपनी संस्था के उद्देश्यों और उपलब्धियों को रेखांकित किया। समारोह में एक दर्जन पुस्तकों का विमोचन हुआ तथा देश-विदेश के पचास से अधिक साहित्यकारों को सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि विभिन्न विधाओं की पाँच दर्जन से अधिक पुस्तकों के लेखक-संपादक तथा भारत, नेपाल, जापान, इंडोनेशिया, कतर, अमेरिका, कनाडा आदि देशों की डेढ़ सौ से अधिक संस्थाओं द्वारा पुरष्कृत-सम्मानित डॉ. 'मानव' के साहित्य पर एमफिल्, पीएचडी और डीलिट् हेतु पिचहत्तर बार शोधकार्य संपन्न हो चुका है। देश-विदेश की अनेक भाषाओं में इनकी विविध रचनाएँ अनूदित तथा आधा दर्जन बोर्डों और विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रमों में सम्मिलित हो चुकी हैं। यही नहीं, इनकी 'खेल' और 'इतिहास गवाह है' शीर्षक दो लघुकथाओं पर गुजराती भाषा में टेली फिल्में भी बन चुकी हैं।


0 टिप्पणियाँ