अन्तरा शब्दशक्ति का स्नेह सम्मेलन 28 नवंबर को भोपाल में
भोपाल। साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था अन्तरा शब्दशक्ति द्वारा 28 नवंबर, शनिवार को भोपाल में स्नेह सम्मेलन, 37 पुस्तकों के विमोचन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दुष्यन्त कुमार स्मारक पांडुलिपि संग्रहालय में प्रातः 11 से दोपहर 2 बजे तक होगा।
समारोह की अध्यक्षता मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दवे करेंगे। मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार एवं पूर्व निदेशक, निराला सृजन पीठ डॉ. साधना बलवटे होंगी। सारस्वत अतिथि के रूप में राजेंद्र गट्टानी, साधना गंगराड़े, अजय बोकिल एवं रामबाबू शर्मा उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर अन्तरा परिवार के संरक्षक मनोज जैन 'मधुर' एवं उपाध्यक्ष पिंकी परुथी भी मंचासीन रहेंगे। कार्यक्रम का संचालन घनश्याम मैथिल करेंगे।
संस्था के अनुसार 37 पुस्तकों का विमोचन साहित्यिक सृजन, प्रकाशन और रचनात्मक गतिविधियों के प्रति अन्तरा शब्दशक्ति की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण पड़ाव है। आयोजन के माध्यम से साहित्यकारों और रचनाकारों के बीच संवाद एवं आत्मीयता को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। संस्था ने समस्त साहित्यकारों, रचनाकारों एवं साहित्यप्रेमियों से समारोह में उपस्थित होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।


0 टिप्पणियाँ