म.प्र. साहित्य अकादमी भोपाल द्वारा नारदमुनि पुरस्कार से अलंकृत

इंडो-यूरोपियन समस्या पर नई दृष्टि प्रस्तुत करने वाली पुस्तक का लोकार्पण

भारतीय इतिहास के पुनर्लेखन में डॉ. मोहन गुप्त का कार्य प्रवर्तक सिद्ध होगा : डॉ. त्रिपाठी
इंडो-यूरोपियन समस्या पर नई दृष्टि प्रस्तुत करने वाली पुस्तक का लोकार्पण

उज्जैन। राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान, नई दिल्ली के पूर्व कुलपति एवं प्रख्यात संस्कृत विद्वान डॉ. राधावल्लभ त्रिपाठी ने कहा कि 21वीं सदी में भारतीय इतिहास के पुनर्लेखन की दिशा में डॉ. मोहन गुप्त का कार्य प्रवर्तक सिद्ध होगा। उनकी पुस्तक पश्चिमी विद्वानों द्वारा प्रतिपादित ऐतिहासिक और भाषायी सिद्धांतों को नई दृष्टि से चुनौती देती है। भारत के इतिहास का पुनर्लेखन होगा तो इस पुस्तक का विशेष महत्व रहेगा।

महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय के सभागार में सोमवार को डॉ. मोहन गुप्त की पुस्तक 'द इंडो यूरोपियन प्रॉब्लम : ए न्यू पैराडाइम, ए कंप्लीट री-लुक' का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर डॉ. राधावल्लभ त्रिपाठी की पुस्तक 'हाईवेज एंड बाईवेज ऑफ प्राच्य विद्या' का भी विमोचन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलगुरु प्रो. शिवशंकर मिश्र ने की। मुख्य अतिथि डॉ. राधावल्लभ त्रिपाठी तथा सारस्वत अतिथि श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के कुलपति डॉ. मुरली मनोहर पाठक थे।

डॉ. त्रिपाठी ने डॉ. मोहन गुप्त के शोध कार्यों की तुलना लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक से करते हुए कहा कि उन्होंने वैदिक इतिहास और भारतीय ज्ञान परंपरा के अध्ययन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वे शेक्सपियर के नाटक 'मैकबेथ' का संस्कृत में अनुवाद भी कर चुके हैं। डॉ. मोहन गुप्त ने कहा कि ऋग्वेद की भाषा संस्कृत ही विश्व की प्राचीनतम और सर्वसंपन्न भाषा है तथा आर्यों का मूल निवास भारतवर्ष ही था। उन्होंने कहा कि भारतीय भाषाओं की प्राचीनता और समृद्धि को पश्चिमी विद्वानों ने पर्याप्त महत्व नहीं दिया। अपनी पुस्तक में उन्होंने पुरातत्त्व, भाषाविज्ञान, आनुवंशिकी और पुराण साहित्य के प्रमाणों के आधार पर इंडो-यूरोपियन समस्या की नई व्याख्या प्रस्तुत की है।

डॉ. मुरली मनोहर पाठक ने कहा कि डॉ. मोहन गुप्त का पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय की स्थापना में अभूतपूर्व योगदान रहा है। कुलगुरु प्रो. शिवशंकर मिश्र ने ग्रंथ को भारतीय इतिहास की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे नए शोध की संभावनाएं विकसित होंगी। मध्यप्रदेश लेखक संघ के अध्यक्ष प्रो. हरिमोहन बुधौलिया ने भी डॉ. गुप्त के साहित्यिक योगदान की सराहना की।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। स्वागत भाषण प्रो. हरिमोहन बुधौलिया ने दिया। संचालन प्रो. शुभम शर्मा ने किया तथा आभार डॉ. तुलसीदास परोहा ने माना। इस अवसर पर प्रो. नागेश्वर राव, प्रो. बालकृष्ण शर्मा, डॉ. शैलेन्द्र कुमार शर्मा सहित अनेक साहित्यकार एवं विद्वान उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ