छिंदवाड़ा के तीन साहित्यकारों को मिले प्रदेश के प्रतिष्ठित सम्मान
ओमप्रकाश ‘नयन’ को मणिदीप सृजन सम्मान, शैफाली शर्मा और अंजुमन मंसूरी ‘आरजू’ को वागीश्वरी पुरस्कार
छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन की प्रदेश इकाई द्वारा भोपाल के मायाराम सुरजन स्मृति सभागार में आयोजित ‘शब्द उत्सव 2026’ में छिंदवाड़ा जिला इकाई के तीन साहित्यकारों को प्रदेश के प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया। सम्मेलन के जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार ओमप्रकाश ‘नयन’ को इस वर्ष का तीसरा ‘मणिदीप सृजन सम्मान’ प्रदान किया गया, जबकि जिला इकाई की सचिव एवं कवयित्री शैफाली शर्मा तथा सदस्य एवं शायरा अंजुमन मंसूरी ‘आरजू’ को ‘वागीश्वरी पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
प्रसिद्ध कथाकार, उपन्यासकार एवं नाटककार असगर वजाहत की अध्यक्षता तथा कहानीकार एवं उपन्यासकार मधु कांकरिया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में प्रदेश अध्यक्ष पलाश सुरजन, महामंत्री अभिषेक वर्मा, कार्यकारिणी सदस्य हेमेन्द्र कुमार राय सहित प्रदेश की विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी उपस्थित थे। तीनों साहित्यकारों को प्रशस्ति पत्र के साथ 5100-5100 रुपये की सम्मान राशि भेंट की गई।
सम्मेलन के कार्यकारिणी सदस्य हेमेन्द्र कुमार राय ने बताया कि प्रदेश की सर्वाधिक सक्रिय जिला इकाई के रूप में छिंदवाड़ा के अध्यक्ष ओमप्रकाश ‘नयन’ को मणिदीप सृजन सम्मान प्रदान किया गया। वहीं कविता संग्रह ‘सारी आर्यभट्ट सर’ के लिए शैफाली शर्मा को कविता विधा में तथा गजल संग्रह ‘और तुम’ के लिए अंजुमन मंसूरी ‘आरजू’ को गीत-गजल विधा में वागीश्वरी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने सभी सम्मानित साहित्यकारों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
शब्द उत्सव में छिंदवाड़ा जिला इकाई के तीन साहित्यकारों को एक साथ दो प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किए जाने पर जिले के साहित्यिक जगत में हर्ष का वातावरण है। साहित्यकारों और साहित्यप्रेमियों ने इसे छिंदवाड़ा की रचनात्मक सक्रियता और साहित्यिक उपलब्धि का सम्मान बताते हुए तीनों रचनाकारों को बधाई दी।


0 टिप्पणियाँ