म.प्र. साहित्य अकादमी भोपाल द्वारा नारदमुनि पुरस्कार से अलंकृत

वसंत राशिनकर स्मृति अखिल भारतीय सम्मान समारोह में देशभर की मराठी काव्य प्रतिभाएं सम्मानित

वसंत राशिनकर स्मृति अखिल भारतीय सम्मान समारोह में देशभर की मराठी काव्य प्रतिभाएं सम्मानित
संस्कृति पुरुष वसंत राशिनकर के समर्पित रचनात्मक अवदान ने आपले वाचनालय को सांस्कृतिक तीर्थ बना दिया है : डॉ. विकास दवे
इंदौर। शहर की प्रतिष्ठित संस्था आपले वाचनालय के संस्थापक संस्कृति पुरुष वसंत राशिनकर की स्मृति में आयोजित अखिल भारतीय सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में आपले वाचनालय सभागृह में संपन्न हुआ। समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए मराठी साहित्यकारों और काव्य प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।

समारोह के अतिथि मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दवे और मराठी साहित्य अकादमी के पूर्व निदेशक अश्विन खरे ने आपले वाचनालय को संस्कृति के संवर्धन और संरक्षण का अद्वितीय केंद्र बताते हुए वसंत राशिनकर के निस्वार्थ सामाजिक एवं रचनात्मक योगदान का स्मरण किया। डॉ. दवे ने कहा कि संस्कृति पुरुष वसंत राशिनकर के समर्पित रचनात्मक अवदान ने आपले वाचनालय को एक सांस्कृतिक तीर्थ बना दिया है। अध्यक्षता कर रहे शिक्षाविद् एवं वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता मिलिंद दिघे ने संस्था की रचनात्मक गतिविधियों और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कवि, मूर्तिकार और समाजसेवी वसंत राशिनकर के सामाजिक योगदान तथा उनसे अपने आत्मीय संबंधों का उल्लेख किया।

प्रसंग वक्ता किरण भाटवडेकर ने अपने भावपूर्ण संबोधन में वसंत राशिनकर के शैक्षणिक एवं सामाजिक समर्पण और उनकी लोकप्रियता को याद किया। उन्होंने कहा कि वसंतजी ने विभिन्न विधाओं के रचनाकारों को मंच और प्रोत्साहन दिया। आज अनेक स्थापित कलाकार गर्व से बताते हैं कि उन्हें पहला मंच आपले वाचनालय ने प्रदान किया था। उन्होंने वसंत राशिनकर को शहर की सांस्कृतिक धरोहर बताया।

आपले वाचनालय एवं श्री सर्वोत्तम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में वर्ष 2025 का सर्वोच्च कविवर्य वसंत राशिनकर स्मृति अखिल भारतीय सम्मान पुणे के वरिष्ठ रचनाकार राजन लाखे को प्रदान किया गया। वहीं उल्लेखनीय कृतियों के लिए वसंत राशिनकर काव्य साधना अखिल भारतीय सम्मान से ग्वालियर के रामचंद्र किल्लेदार, बीड़ के बाळासाहेब नागरगोजे, बड़ौदा की अंजली आशुतोष मराठे, पालघर के स्वप्निल चाफेकर, मुंबई के मोहन काले, नांदेड़ के डॉ. नंदू मुलमुले और इंदौर की स्मिता सराफ को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के उत्तरार्ध में वरिष्ठ कवि रामचंद्र किल्लेदार की अध्यक्षता में मराठी कवि सम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें सम्मानित कवियों के साथ इंदौर के डॉ. मनीष खरगोणकर, अनंत काइतवाड़े, सुषमा अवधूत, डॉ. सुरेखा भारती, दीपक शिराळकर, संजीवनी बारगळ, रोहिणी कुलकर्णी, अरुणा खरगोणकर, उमेश थोरात और मेधा खिरे ने अपनी विविधवर्णी कविताओं से श्रोताओं को अभिभूत किया। सम्मेलन का रोचक संचालन दीपक देशपांडे ने किया।

दीप प्रज्वलन, सरस्वती प्रतिमा एवं वसंत राशिनकर के चित्र पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। अतिथियों का स्वागत सतीश श्रोत्री, घनश्याम कोठारी और डॉ. खिरे ने किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्वार्ध में श्रीति राशिनकर ने किया तथा अंत में संदीप राशिनकर ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अरुण मौर्य, किरण टकसाले, दिलीप भालेराव, मोहन रेडगांवकर, पंकज नामजोशी, संतोष मोहंती, प्रदीप नवीन, देवेंद्रसिंह सिसोदिया, डॉ. शशि निगम, सुनीता दवे, अरुण निगम, वोरा, पन्हालकर, सुनीता पुराणिक, अरुणिमा राजुरकर, रेखा मुले, दर्शना चिकोडीकर, सुनेत्रा गुर्जर सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ