म.प्र. साहित्य अकादमी भोपाल द्वारा नारदमुनि पुरस्कार से अलंकृत

शाश्वत सृजन के संपादन के लिए अर्पिता जैन हिन्दी सेवी सम्मान से सम्मानित

शाश्वत सृजन के संपादन के लिए अर्पिता जैन हिन्दी सेवी सम्मान से सम्मानित
भोपाल। मध्यप्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, हिंदी भवन, भोपाल द्वारा हिन्दी सेवी सम्मान 2026 के अन्तर्गत श्रीमती सुंदरबाई शंकरलाल तिवारी पुरस्कार साहित्यिक पत्र ‘शाश्वत सृजन’ के संपादन के लिए अर्पिता जैन को प्रदान किया गया। 25 अक्टूबर, रविवार को भोपाल में आयोजित समारोह में हरियाणा एवं त्रिपुरा के पूर्व राज्यपाल कप्तानसिंह सोलंकी, पूर्व सांसद रघुनंदन शर्मा, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, मध्यप्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के मंत्री एवं संचालक डॉ. विकास दवे, सह मंत्री डॉ. संजय सक्सेना और जय केतकी ने शाल, श्रीफल सम्मान पत्र के साथ सम्मान राशि प्रदान कर अर्पिता जैन को सम्मानित किया।

म. प्र. लेखक संघ के सचिव डॉ हरीशकुमार सिंह ने बताया कि अर्पिता जैन को प्रदान किया गया यह सम्मान हिंदी साहित्य और साहित्यिक पत्रकारिता के क्षेत्र में संपादन-कर्म की महत्ता को रेखांकित करता है। सम्मान समारोह में हिंदी भाषा के महत्व, हिंदी वर्णमाला की विशेषताओं तथा हिंदी के प्रचार-प्रसार और संवर्धन के लिए कार्य कर रहे सम्मानित जनों के योगदान पर अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने हिंदी को भारतीय समाज की सांस्कृतिक चेतना, भावनाओं और विचारों की सशक्त अभिव्यक्ति का माध्यम बताते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। समारोह का प्रारम्भ राष्ट्रगान से हुआ और समापन राष्ट्रगीत की संगीतमय प्रस्तुति से हुआ, संचालन डॉ धर्मेंद्र सोलंकी ने किया। आभार डॉ संजय सक्सेना ने व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में साहित्यकार एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ