मालवी के संरक्षण के लिए डिजिटल साहित्य भंडार की आवश्यकता
भावसार बा स्मृति समारोह में भाषा के अस्तित्व, संवर्धन और नई पीढ़ी से जुड़ाव पर मंथन
तराना। मालवी बोली के संरक्षण के लिए शब्दकोश, मुहावरों, साहित्यकारों के परिचय और प्रकाशित पुस्तकों को समेटने वाला डिजिटल साहित्य भंडार तैयार करने की आवश्यकता रेखांकित की गई। मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी द्वारा गुरुवार, 22 अक्टूबर को तराना के माहेश्वरी भवन में आयोजित भावसार बा स्मृति समारोह में ‘मालवी बोली के अस्तित्व का संकट और समाधान के उपक्रम’ विषय पर साहित्यकारों ने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने मालवी को जनव्यवहार और नई पीढ़ी से जोड़ने के साथ उसके साहित्य के व्यवस्थित दस्तावेजीकरण पर जोर दिया।
समारोह का शुभारंभ साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दवे और अतिथियों ने मां सरस्वती और भावसार बा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। डॉ. राजेश रावल ‘सुशील’ ने मालवी में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शिव चौरसिया ने की तथा बीज वक्तव्य वरिष्ठ साहित्यकार एवं कवि नारायण निडर ने दिया।
डिजिटल मंच पर एक जगह उपलब्ध हो मालवी साहित्य
समारोह में मालवी साहित्य को संरक्षित करने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करने का सुझाव प्रमुखता से सामने आया। इस पर मालवी शब्दकोश, मुहावरों, कहावतों और लोकप्रचलित शब्दों का संकलन उपलब्ध कराया जाए। दिवंगत और वर्तमान मालवी साहित्यकारों के परिचय, उनकी पुस्तकों के विवरण तथा पूर्व प्रकाशित पुस्तकों की पीडीएफ प्रतियां भी व्यवस्थित रूप से संग्रहित की जाएं। इससे दुर्लभ साहित्य को सुरक्षित रखने के साथ विद्यार्थियों, शोधार्थियों और नई पीढ़ी को मालवी साहित्य एक ही मंच पर उपलब्ध हो सकेगा।
जनव्यवहार से ही बचेगी लोकभाषा मालवी
विचार-विमर्श में मालवी के घटते प्रयोग और नई पीढ़ी से उसके जुड़ाव को महत्वपूर्ण मुद्दा माना गया। घर-परिवार में मालवी बोलने, लोकगीतों, लोककथाओं, कहावतों और मौखिक परंपराओं को सहेजने तथा साहित्यिक गतिविधियों में इसका प्रयोग बढ़ाने की जरूरत बताई गई। वक्ताओं के विमर्श में यह बात उभरी कि लोकभाषा का संरक्षण केवल साहित्यकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है।
शिक्षा और जनमाध्यमों में मालवी का बढ़े स्थान
मालवी के व्यापक प्रसार के लिए शिक्षा, साहित्य, सांस्कृतिक आयोजनों और जनसंचार माध्यमों में इसके प्रयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। मालवी में लेखन, काव्य-पाठ और नाट्य प्रस्तुतियों को प्रोत्साहन देने के साथ डिजिटल माध्यमों पर साहित्य की उपलब्धता बढ़ाना भी जरूरी बताया गया। समारोह का निष्कर्ष रहा कि भाषा के निरंतर प्रयोग, साहित्य के संरक्षण और संस्थागत प्रयासों से ही मालवी की सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है।
इनने रखे विचार
समारोह में डॉ. शैलेंद्रकुमार शर्मा, डॉ. जगदीश शर्मा, राजेश रावल ‘सुशील’, माया मालवेन्द्र बदेका, श्वेतिमा झलक निगम, संदीप सृजन, सीमा देवेंद्र जोशी, डॉ. विक्रम विवेक, पंडित नरेंद्र नखेत्री, लक्ष्मण रामपुरी, संगीता तल्लेरा, कमलेश दवे ‘सहज’, राजेश चौहान ‘राज’, डॉ. बी.एल. बेचैन, सुरेंद्र सर्किट, भरत पंड्या, कमलेश व्यास ‘कमल’, सुरेश माहेश्वरी, राजेंद्र जैन, प्रमोद शर्मा, अखिलेश व्यास, महेश शर्मा एवं नेहल चावड़ा सहित साहित्यकार और कवि उपस्थित रहे। संचालन समारोह संयोजक सुनील गाइड ने किया।






0 टिप्पणियाँ