वायु सेना दिवस पर संस्था काव्यांजलि द्वारा काव्य संध्या एवं सम्मान समारोह आयोजित
उज्जैन। वायु सेना दिवस के अवसर पर साहित्यिक संस्था काव्यांजलि की ओर से विशेष काव्य संध्या एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त वायुसेना सार्जेंट भूपेंद्र कुमार श्रीवास्तव को ‘राष्ट्र गौरव सम्मान’ प्रदान किया गया। उनके सम्मान में उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने खड़े होकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष किए। आयोजन में देशभक्ति, साहित्य और वीर सैनिकों के सम्मान का संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रेमचंद सृजन पीठ के निदेशक मुकेश जोशी थे। विशेष अतिथि के रूप में उज्जैन विकास प्राधिकरण के डायरेक्टर अमित श्रीवास्तव एवं शायर हमीद गौहर उपस्थित रहे। अध्यक्षता जैन कवि संगम के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कवि सुगनचंद जैन ने की। जबलपुर के प्रसिद्ध शायर मन्नान फ़राज़ और छिंदवाड़ा की प्रसिद्ध शायरा दीपशिखा सागर की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से हुआ। संगीता तल्लेरा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रसिद्ध कवि एवं गीतकार राजेश राज को सम्मानित किया गया। नवोदित कवि संयम जैन तथा शायरों के टैलेंट शो में राष्ट्रीय स्तर पर विजेता रहे धार के कमर साकी को भी सम्मान प्रदान किया गया। काव्य संध्या में राष्ट्रीय कवि अशोक भाटी, कैलाश तरल, जैनेन्द्र खेमसरा, राजेश रावल, अशोक रक्ताले, संदीप सृजन, दिलीप जोशी, राकेश जैन, अमित जैन, नईम आफताब और तराना के जावेद बैग सहित अन्य रचनाकारों ने काव्य पाठ किया। मन्नान फ़राज़ और दीपशिखा सागर की प्रस्तुतियों को श्रोताओं की सराहना मिली।
इस अवसर पर सेजमल कछवाय, नंदकिशोर पांचाल, अनिल पांचाल, राजेंद्र जैन, दिनेश अनल, डॉ. अखिलेश चौरे, कमलेश व्यास, शशांक दुबे और डॉ. अमरीश जैन सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन योगेंद्र बेनाडा ने किया। अध्यक्ष सुगनचंद जैन ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के संयोजक आर. के. जैन ‘राकेश’ ने अतिथियों, साहित्यकारों, कवियों, शायरों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। आयोजन वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और साहित्यिक प्रतिभाओं को सम्मानित करने का अवसर बना।


0 टिप्पणियाँ