संस्कार भारती के श्रीकृष्ण नृत्य दर्शन में नन्हीं नृत्यांगनाओं ने बिखेरी कला की छटा
उज्जैन। कला एवं साहित्य की अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती उज्जैन महानगर, मालवा प्रांत द्वारा पं. सूर्यनारायण व्यास संकुल, कालिदास संस्कृत अकादमी में ‘श्रीकृष्ण नृत्य दर्शन 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर की 15 प्रमुख नृत्य संस्थाओं के कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण के विविध स्वरूपों पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र एवं भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद पं. कुलदीप दुबे ने संस्कार भारती का ध्येय गीत प्रस्तुत किया। आयोजन समिति की ओर से शिरीष सत्यप्रेमी, अंकित जोशी, गोपाल महाकाल, माधव तिवारी, जयंत तेलंग एवं विजेंद्र वर्मा ने मंचासीन अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
श्रीकृष्ण और भारतीय कला पर हुआ मंथन
मुख्य अतिथि सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जगदीश अग्रवाल ने सिंहस्थ की सांस्कृतिक परंपराओं और कला के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए संस्कार भारती द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। विशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय सह कोश प्रमुख श्रीपाद जोशी, आकाशवाणी उज्जैन की निदेशक डॉ. अनामिका चक्रवर्ती, मालवा प्रांत के संगठन मंत्री श्री राहुल भौमिक, प्रांत उपाध्यक्ष श्री सतीश दवे, प्रांत मंत्री श्री संतोष व्यास एवं समाजसेवी श्रीमती पूजा तल्लेरा ने श्रीकृष्ण, कला और नृत्य परंपरा के विभिन्न आयामों पर अपने विचार रखे।
15 नृत्य संस्थाओं ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में मृदंगाचार्य पं. रामदास कला संगम की गुरु डॉ. पूनम व्यास, प्रतिकल्पा सांस्कृतिक संस्था की गुरु डॉ. पल्लवी किशन, श्री सर्वोत्तम नृत्य संस्थान के गुरु डॉ. हरिहरेश्वर पोद्दार, नृत्य सिद्धा अकादमी की गुरु श्रीमती ऋतु शुक्ला, वेणुनाद निनाद नृत्य संस्थान की गुरु श्रीमती पलक पटवर्धन, आरंभ कथक नृत्य पाठशाला की गुरु डॉ. अंजना चौहान, लोकायन कला केन्द्र की गुरु श्रीमती प्रज्ञा गढ़वाल, त्रिनेत्रा सांस्कृतिक संस्थान की गुरु श्रीमती मयूरी सक्सेना, नृत्याराधना नृत्य मंदिर की गुरु डॉ. खुशबू पांचाल, नृत्यांतर संगीत कला संस्थान की गुरु सुश्री हिना वासेन, भव्य सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था की गुरु श्रीमती कीर्ति, तपस्या संस्कृति संस्थान की सुश्री माधुरी कोडपे, कला योगिनी नृत्य संस्था की श्रीमती वीणा व्यास, गुरुकुल डांस अकादमी की सुश्री सुस्मिता पंवार एवं शिवम नृत्यालय डांस स्टूडियो की दिव्या जोशी चप्रे के निर्देशन में कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। नन्हीं नृत्यांगनाओं सहित कलाकारों ने श्रीकृष्ण के विभिन्न स्वरूपों और भावों को नृत्य के माध्यम से जीवंत कर दिया। नृत्य प्रस्तुतियों के उपरांत सभी 15 नृत्य संस्थाओं के निर्देशकों को स्मृति चिह्न तथा प्रतिभागी नृत्य कलाकारों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्कार भारती जिला उज्जैन की अध्यक्ष श्रीमती माया बदेका ने की।
संस्कार भारती उज्जैन के महामंत्री श्री दुर्गाशंकर सूर्यवंशी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संयोजन श्रीमती प्रतिभा रघुवंशी ने किया तथा संचालन पं. सुदर्शन आयाचित ने किया। अंत में श्रीमती अर्चना माधव तिवारी ने वंदे मातरम् का गायन प्रस्तुत किया, जिसके साथ कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ।


0 टिप्पणियाँ