राष्ट्रभाषा प्रचार समिति ने घोषित किए राष्ट्रीय सृजन पुरस्कार
मधुकांत को साहित्यश्री, सूरजसिंह नेगी को हिन्दी सृजन पुरस्कार; मीरा जैन सहित छह साहित्यकार होंगे सम्मानित
श्रीडूंगरगढ़। राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति ने वर्ष 2026 के राष्ट्रीय सृजन पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। समिति के सर्वोच्च मलाराम माली स्मृति साहित्यश्री सम्मान के लिए रोहतक के वरिष्ठ साहित्यकार मधुकांत का चयन उनके समग्र साहित्यिक अवदान के लिए किया गया है। वहीं डॉ. नंदलाल महर्षि स्मृति हिन्दी सृजन पुरस्कार जयपुर के कथाकार एवं उपन्यासकार डॉ. सूरजसिंह नेगी को उनकी औपन्यासिक कृति ‘भावेश जो कह न सका’ के लिए प्रदान किया जाएगा। सभी पुरस्कार 27 सितंबर को श्रीडूंगरगढ़ में आयोजित समारोह में प्रदान किए जाएंगे।
समिति अध्यक्ष श्याम महर्षि एवं उपाध्यक्ष डॉ. मदन सैनी ने बताया कि हिन्दी की विभिन्न विधाओं में श्रेष्ठ सृजन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर पर इन पुरस्कारों का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष देश के 12 से अधिक राज्यों से साहित्यकारों की प्रविष्टियां एवं प्रस्ताव प्राप्त हुए। चयन समिति ने प्राप्त कृतियों और रचनाकारों के साहित्यिक अवदान का मूल्यांकन करने के बाद पुरस्कारों के लिए नामों का चयन किया।
संस्था के मंत्री एवं पुरस्कार समिति के संयोजक रवि पुरोहित ने बताया कि श्री शिवप्रसाद सिखवाल स्मृति महिला लेखन पुरस्कार उज्जैन की साहित्यकार मीरा जैन को उनके व्यंग्य संग्रह ‘हेल्थ हादसा’ के लिए प्रदान किया जाएगा। वहीं श्यामसुन्दर नागला स्मृति बाल साहित्य पुरस्कार मड़वा नगर, उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ बाल साहित्यकार लाल देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव को उनकी बाल काव्य कृति ‘देश की मिट्टी है अनमोल’ के लिए दिया जाएगा।
इसी क्रम में सुरेश कंचन ओझा लेखन पुरस्कार किशनगढ़ के डॉ. सतीश कुमार को उनकी कृति ‘भारत में लोकतंत्र’ के लिए प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार पं. गोविंद वल्लभ पंत पुरस्कार से सम्मानित लेखक सुरेश ओझा के सौजन्य से इतर साहित्यिक लेखन के क्षेत्र में दिया जाता है। पिछले वर्ष शुरू किए गए श्री चन्द्रमोहन हाड़ा हिमकर स्मृति उपन्यास लेखन पुरस्कार के लिए गाजियाबाद के साहित्यकार अरविंद पथिक की कृति ‘असभ्यता का आक्रमण’ का चयन किया गया है।
आयोजन समन्वयक महावीर माली ने बताया कि पुरस्कार अर्पण समारोह के साथ साहित्यिक संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। संस्था के कोषाध्यक्ष रामचन्द्र राठी के अनुसार साहित्यश्री सम्मान के अंतर्गत 21 हजार रुपए की नगद राशि प्रदान की जाएगी, जबकि अन्य पुरस्कारों के तहत 11-11 हजार रुपए, सम्मान-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं शॉल भेंट किए जाएंगे। समिति के उपाध्यक्ष सत्यदीप ने बताया कि समारोह में समकालीन साहित्य और समाज से जुड़े विषय पर विचार-विमर्श होगा। आयोजन सचिव महावीर सारस्वत ने बताया कि रामकिशन उपाध्याय स्मृति समाज सेवा सम्मान एवं शब्द शिल्पी सम्मान की घोषणा भी शीघ्र की जाएगी।


0 टिप्पणियाँ