उज्जैन के पांच साहित्यकारों को सम्मानित करेगा मध्यप्रदेश लेखक संघ
उज्जैन। मध्यप्रदेश लेखक संघ द्वारा वर्ष 2026 के साहित्यिक सम्मानों की घोषणा कर दी गई है। प्रदेशाध्यक्ष राजेन्द्र गट्टानी ने वार्षिक साधारण सभा की बैठक में चयन समिति द्वारा चयनित तथा कार्यकारिणी समिति द्वारा अनुमोदित तीस सम्मानित साहित्यकारों के नाम घोषित किए। इनमें उज्जैन के पांच वरिष्ठ साहित्यकार सम्मिलित हैं।
चयनित साहित्यकारों की जानकारी देते हुए उज्जैन ईकाई के सचिव डॉ. हरीशकुमार सिंह ने बताया कि उज्जैन से प्रसिद्ध मालवी कवि और साहित्यकार डॉ. शिव चौरसिया एवं विक्रम विवि हिंदी अध्ययन शाला के पूर्व अध्यक्ष वरिष्ठ साहित्यकार आचार्य डॉ. हरिमोहन बुधौलिया को प्रतिष्ठित सारस्वत सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। मालवी साहित्यकार डॉ.राजेश रावल को श्री देवेन्द्र जोशी हिन्दी/मालवी साहित्य सेवी सम्मान, वरिष्ठ गीतकार डॉ. राम प्रकाश तिवारी को हरि ॐ शरण चौबे गीतकार सम्मान तथा वरिष्ठ कवि ,साहित्यकार डॉ. श्रीकृष्ण जोशी को हरीश निगम स्मृति मालवी भाषा सम्मान प्रदान किया जाएगा। एक ही शहर से पांच साहित्यकारों का चयन उज्जैन की समृद्ध साहित्यिक सक्रियता को रेखांकित करता है।वर्षांत में भोपाल में आयोजित होने वाले समारोह में इन साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा।


0 टिप्पणियाँ