ठाकुर शिवप्रतापसिंह जयंती पर साहित्यकारों का सम्मान
शब्द प्रवाह के संपादक संदीप सृजन सहित 11 साहित्यकार हुए अलंकृत
उज्जैन। पत्रकारिता की पाठशाला कहे जाने वाले दैनिक अग्निपथ के संस्थापक, लौह लेखनी के धनी एवं मूर्धन्य पत्रकार स्व. ठाकुर शिवप्रतापसिंह चंदेल की 113वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार, 25 जून 2026 को सुराणा पैलेस पर स्मरण एवं साहित्यकार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में साहित्य, पत्रकारिता एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 11 साहित्यकारों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सुप्रसिद्ध चित्रकार डॉ. श्रीकृष्ण जोशी ने की। मुख्य अतिथि हिन्दी एवं मालवी के वरिष्ठ कवि डॉ. शिव चौरसिया तथा विशिष्ट अतिथि महाराजा विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा रहे। अतिथियों एवं दैनिक अग्निपथ समूह के संपादक द्वय श्री अनिलसिंह चंदेल एवं श्री अर्जुनसिंह चंदेल के करकमलों से साहित्यकारों का सम्मान किया गया।
सम्मानित साहित्यकारों में दिलीप जैन, श्रीमती अमृता उपारिया, श्रीमती सीमा पंड्या, शशांक दुबे, आरिफ अफजल, संदीप सृजन, डॉ. राजेश रावल 'सुशील', श्रीमती संगीता तलेरा, गोपाल 'गर्वित', सुश्री शीला व्यास शामिल रहे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद शब्द प्रवाह के संपादक संदीप सृजन ने इसे अपने साहित्यिक एवं पत्रकारिता जीवन का अविस्मरणीय क्षण बताते हुए कहा कि स्व. ठाकुर शिवप्रतापसिंह जी के नाम पर सम्मान प्राप्त करना उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने इस गरिमामय आयोजन के लिए दैनिक अग्निपथ परिवार के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें साहित्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन संतोष सुपेकर ने किया, जबकि अंत में अर्जुनसिंह चंदेल ने सभी अतिथियों, सम्मानित साहित्यकारों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य जन एवं साहित्यकार उपस्थित थे।






0 टिप्पणियाँ