कवयित्री माया बदेका ‘उदन्त मार्तण्ड लोक संवाद सम्मान’ से सम्मानित
उज्जैन । सामाजिक साहित्यिक आध्यात्मिक संस्था दृष्टि गुना द्वारा हिंदी पत्रकारिता के द्विशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 3 जून 2026 साहित्यिक पत्रिका समागम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। आयोजन में नगर की प्रतिष्ठित कवयित्री श्रीमती माया बदेका को उनके साहित्यिक अवदान के लिए 'उदन्त मार्तण्ड लोक संवाद सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
साहित्य अकादमी भोपाल के निदेशक डॉ. विकास दवे के मुख्य आतिथ्य तथा फिरोजाबाद से पधारे वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. रामसनेही लाल शर्मा ‘यायावर’ की अध्यक्षता में हुए आयोजन में मुख्य वक्ता खंडवा से पधारे ललित निबंधकार डॉ. श्रीराम परिहार रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा कला एवं विद्या की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। तत्पश्चात नीलम कुलश्रेष्ठ द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। स्वस्ति वाचन डॉ. शोभा सिंह ने तथा विषय प्रवेश डॉ. सतीश चतुर्वेदी ‘शाकुन्तल’ ने किया। संस्था दृष्टि के अध्यक्ष अनिरुद्ध सिंह सेंगर ने संस्था का परिचय देते हुए स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर हिंदी पत्रकारिता के द्विशताब्दी वर्ष पर प्रकाशित स्मारिका ‘वैभव’ लोकार्पण भी अतिथियों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अनिरुद्ध सिंह सेंगर ने किया। प्रथम सत्र का आभार प्रदर्शन प्रेम सिंह ‘प्रेम’ एवं द्वितीय सत्र का आभार मिथलेश सेंगर द्वारा व्यक्त किया गया। इस अवसर पर काफी संख्या में साहित्यकार, गणमान्य जन एवं प्रबुद्ध श्रोता उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ