डॉ. शैलेष गुप्त 'वीर' को मिला गुफ़्तगू अवार्ड
प्रयागराज। साहित्यिक संस्था 'गुफ़्तगू' द्वारा 'प्रयागराज लिटरेरी फेस्टिवल' 2026 का आयोजन आर्य कन्या इंटर कॉलेज स्थित पिंक हॉल में किया गया। इस समारोह में देश के जाने-माने कवि एवं साहित्यकार डॉ. शैलेष गुप्त 'वीर' को 'गुफ़्तगू अवार्ड' से नवाज़ा गया। अपनी लेखनी से देश और समाज को सजग करने के लिए यह सम्मान उन्हें मशहूर फिल्म अभिनेता रज़ा मुराद ने प्रदान किया। ध्यातव्य है कि डॉ. शैलेष एक प्रतिष्ठित द्विभाषी कवि, समालोचक, संपादक और बहु-पुरस्कार विजेता साहित्यकार हैं। हिन्दी और अंग्रेज़ी में लिखने वाले 'वीर' पुरातत्व में पीएचडी हैं तथा 'माइक्रोपोएट्री कॉसमॉस' और 'द फतेहपुर रेजोल्यूशन' के संपादक हैं। उनकी रचनाएँ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराही जाती हैं। उनकी कविताओं का अनुवाद अब तक चालीस से अधिक भाषाओं में हो चुका है। पिछले वर्ष प्रकाशित उनका दोहा-संग्रह 'कब टूटेंगी चुप्पियाँ' सुर्खियों में रहा है। वे परिवार कल्याण एवं स्वास्थ्य मंत्रालय, भारत सरकार की पत्रिका जन स्वास्थ्य धारणा के सलाहकार मंडल में भी शामिल हैं। इस अवसर पर देश की साहित्य एवं संस्कृति से संबंधित अनेक जानी-मानी हस्तियाँ मौज़ूद रहीं। संस्था के अध्यक्ष डॉ. इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी ने सभी सम्मानित साहित्यकारों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।


0 टिप्पणियाँ