राधा-लाला अमरनाथ स्मृति टेपा सम्मान कॉमेडियन और हास्य अभिनेता राकेश बेदी को प्रदान किया जाएगा
उज्जैन। आगामी एक अप्रेल अंतर्राष्ट्रीय मूर्ख दिवस पर आयोजित होने वाले मालवा की हास्य व्यंग्य संस्कृति को समर्पित अखिल भारतीय टेपा सम्मेलन में राधा लाला अमरनाथ स्मृति टेपा सम्मान फिल्म धुरंधर फेम प्रख्यात हास्य अभिनेता राकेश बेदी को प्रदान किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए टेपा सम्मेलन के सचिव मनीष शर्मा ने बताया कि प्रख्यात समाजसेवी स्व. लाला अमरनाथ और टेपा के संस्थापक-अध्यक्ष डा शिव शर्मा की स्मृति को समर्पित टेपा सम्मलेन का यह 54 वां वर्ष है और टेपा सम्मेलन में हास्य अभिनेता राकेश बेदी प्रमुख आकर्षण होंगे, श्री शर्मा ने बताया कि राकेश बेदी ने हाल ही में आई फिल्म धुरंधर में जमील जमाली नाम के एक शक्तिशाली राजनेता का किरदार निभाया है जो दर्शकों और उनके चाहने वालों के लिए बिलकुल नया था। राकेश बेदी ने अपने अभिनय से तहलका मचा दिया और फिल्म धुरंधर ने लोकप्रियता के सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं ।अभिनेता राकेश बेदी ने अभी तक 150 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है जिनमें चश्मे बद्दूर , एक दूजे के लिए, मिस्टर इण्डिया जैसी सफल फ़िल्में सम्मिलित हैं। आपने प्रसिद्ध टीवी धारावाहिकों में ये जो है जिंदगी, हम पांच, श्रीमान श्रीमती, यस बॉस, जाने भी दो यारों आदि में अपनी कामेडी से ख्याति पाई है।
टेपा सम्मलेन आयोजन समिति की बैठक में यह सम्मान प्रदान करने का निर्णय लिया गया। बैठक में ओम अमरनाथ, सचिव मनीष शर्मा, योगेश शर्मा, दिनेश दिग्गज, मुकेश जोशी, अशोक भाटी, आशीष शर्मा, कुलभूषण जुनेजा, दीपक शर्मा , शिवा खत्री, विशाल हाडा, अविनाश गुप्ता, राजू भार्गव, सुमेध सिंह शर्मा, सुरेन्द्र सर्किट, कुलदीप रंगीला, डॉ. हरीशकुमार सिंह सम्मिलित थे। टेपा सम्मेलन में प्रख्यात कवियों का कांव कांव सम्मेलन, टेपा अतिथियों पर प्रशस्ति वाचन, चिलमी मुकदमों का आयोजन भी होगा।


0 टिप्पणियाँ