Subscribe Us

कृपया चीखने का विश्व रिकार्ड बनाइए



 *सुरेश सौरभ

आप बहुत ही महान पत्रकार हैं। सारी दुनिया में आप का नाम पसरा हुआ है। सारी दुनिया के सारेे पत्रकार आप के आगे नतमस्तक हैं। सारी दुनिया के पत्रकार आप के नाम की कसमें खातें हैं। सारी दुनिया आप की काबिलियत को दिन-रात सलाम ठोंक रही है। आप का काम महनीय और वंदनीय है। अगर आप ने अपनी काबिलियत दिखाते हुए देशहित की बात करते हुए थोड़ा सा चिल्ला दिया तो इसमें दूसरों के पेटों में पता नहीं क्यों गुड़गुड़-गुड़गुड़ होने लगी, लोग खुद तो कोई देश हित में क्रान्ति कर नहीं पा रहें है, अगर आप भरे-पूरे मन से करने पर अमादा है, तो इन देश विरोधियों की आंतें बेवजह सुलगीं जा रहीं हैं। देश के उद्धार के लिए इन्हें करना-धरना कुछ नहीं खाली दूसरे के किए-धरे का गुड़ गोबर करना है।

आप जैसी महान प्रतिभा सबमें आती कहां है, आप में आयी तो यह भगवान की आप पर महान कृपा है। आप की इस अदभुद प्रतिभा से लोग जलते हैं, भुनते हैं, किसी पत्रकार की औकात है, जो इतना तेज चिल्ला कर राष्ट्रहित की सच्ची बात को डंके की चोट पर कह सके। यह तड़ तो केवल आप के पास है। यह जिंदादिली तो बस आप के पास है। यहां जी सर  फ्री सर जैसे चैनल वाले अपनी फर्जी न्यूज दिखा-सूंघा कर जनता और सरकार को बस भ्रमित करना ही जानतें हैं आप जैसा बेबाक, उत्साही, कर्मठ सत्यवादी हरिश्यचंद्र न हुआ है और न आगे कभी पैदा होगा।

वैश्विक आपातकाल में आप की देवताओं सरीखी आकाशवाणी से पूरा देश अनोखी हरियाली खुशहाली से लबालब भर चुका है। ये भी कह सकते हैं देश की सारी जनता महामारी से निजात पाकर दूध-भात खाने लगी है। मन की बात करने वाले अपनी-अपनी बीवी छोड़ कर देश सेवा में लगे लोगों से भी हजार कदम आगे बढ़ कर आप ने महान काम किया है, जिसे इतिहास के सुनहरे अक्षरों में लिखा जायेगा। फिर भी आप जैसे महान पत्रकार पर इतना बड़ा हमला। छिः छिः आक थू..अरे! दादा इतना बड़ा हमला तो अमेरिका के वर्ल्ड टेड्र सेंटर पर न हुआ था।

वैश्विक स्तर पर तमाम देशों को इसकी कड़े और बड़े शब्दों में  निंदा करनी चाहिए। यकीनन देश के उन गद्दरों को फांसी मिलनी चाहिए, जिन्होंने आप की महानता को तुच्छ स्याही से ललकारा है। यज्ञपि नारी इस देश में सदा महान रही है। धर्म के मोटे-मोटे ग्रंथों में कहा गया है, जहां नारियों की पूजा होती है वहां देवता निवास करतें  हैं। आप ने नारियों की शोभा में हजारों चांद लगा दिए हैं। जिओ बहादुर खद्दरधारी। अर्णब तुम संघर्ष करो हम भक्त तुम्हारे साथ हैं। तुम्हारे बारे में जो भी गलत-सलत बोलेगा हम गेरूए गमछे वाले उसका मुंह तोड़़ कर जवाब देंगे। जिसे यहां रहना है, उसे भारत माता की जय करनी पड़ेगी, जो जय नहीं करेगा, वह सीधे पाकिस्तान चला जाए उसका टिकट हम बुक करा देंगे, पर राष्ट्रविरोधी लोगों को कतई बर्दाश्त न किया जायेगा।   

 

*सुरेश सौरभ,लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश

 


साहित्य, कला, संस्कृति और समाज से जुड़ी लेख/रचनाएँ/समाचार अब नये वेब पोर्टल  शाश्वत सृजन पर देखेhttp://shashwatsrijan.comयूटूयुब चैनल देखें और सब्सक्राइब करे- https://www.youtube.com/channel/UCpRyX9VM7WEY39QytlBjZiw 



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ