निशातपुरा रेल कारखाना 'अंतर कारखाना राजभाषा शील्ड - 2025' से सम्मानित
भोपाल। पश्चिम -मध्य रेल राजभाषा विभाग जबलपुर द्वारा दिलीप कुमार सिंह, महाप्रबंधक, पश्चिम मध्य रेलवे की अध्यक्षता एवं आशुतोष, मुख्य राजभाषा अधिकारी, पमरे के मार्गदर्शन में ‘राजभाषा पखवाड़ा समापन समारोह - 2026’’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर एकनाथ मोहकर, अपर महाप्रबंधक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान एक विराट हास्य् कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया जिसमें बिलासपुर, भोपाल, कटनी, देवास एवं कोटा से आमंत्रित अखिल भारतीय स्तर के कवियों ने अपने गीतों, गजलों एवं हास्यक-व्यंसग्यो वाणी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर दिलीप कुमार सिंह, महाप्रबंधक,पमरे ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारे कार्य का सीधा संबंध आम जनता से है ऐसे में हमारी भाषा जितनी सरल, स्पष्ट और सहज होगी। हमारा संवाद उतना ही प्रभावी होगा। उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम मध्य रेलवे में राजभाषा हिंदी का महत्व इसलिए भी अधिक है क्योंकि हमारा संपूर्ण कार्यक्षेत्र 'क' क्षेत्र के अंतर्गत आता है और यात्रियों को सूचना उपलब्ध कराने से लेकर कार्यालयीन प्रशासनिक कार्य में स्पष्ट और सहज भाषा हमारी कार्यक्षमता को और अधिक बेहतर बनाती है।
समारोह के दौरान वर्षभर राजभाषा हिंदी का उल्लेखनीय एवं सराहनीय कार्य करने के लिए सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना, निशातपुरा, भोपाल को कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह के कर कमलो से ‘अंतर कारखाना राजभाषा शील्ड’- 2025 से सम्मानित किया। साथ ही कारखाना के श्री मनोज कुमार सिंह, उप मुख्य सामग्री प्रबंधक, आशीष सिंह सेंगर, मुख्य कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षक, जिनेन्द्र एवं सुश्री शिवानी, तकनीशियन, बोगी शॉप को भी पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर श्री प्रफुल्ल वी. कोहाडे, मुख्य कारखाना प्रबंधक, भोपाल कारखाना ने कहा कि हिंदी भारत संघ की राजभाषा है। अत: यह हम सबका संवैधानिक दायित्व है कि हम दैनिक सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी का ही प्रयोग करें और भारत सरकार की राजभाषा नीतियों के अनुपालन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होंने राजभाषा विभाग सहित पुरस्कार प्राप्त अन्य विभागों, कार्यालयों एवं अधिकारी, कर्मचारियों को बधाई देते हुए महाप्रबंधक एवं अपर महाप्रबंधक तथा मुख्य राजभाषा अधिकारी, पमरे के प्रति आभार प्रकट किया।


0 टिप्पणियाँ