मनोज जैन ‘मधुर’ को अखिल भारतीय नारद मुनि सम्मान
भोपाल। मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी द्वारा वर्ष 2024 के साहित्यिक सम्मानों की घोषणा कर दी गई है। देश के वरिष्ठ एवं चर्चित नवगीतकार तथा देश-विदेश में गीत-नवगीत के प्रतिष्ठित साहित्यिक समूह ‘वागर्थ’ के संस्थापक मनोज जैन ‘मधुर’ को अखिल भारतीय नारद मुनि सम्मान (फेसबुक/ब्लॉग/नेट) 2024 से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। इस प्रतिष्ठित सम्मान के अंतर्गत शाल, श्रीफल, स्मृति-चिह्न, प्रशस्ति-पत्र तथा एक लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाती है।
मनोज जैन ‘मधुर’ को यह सम्मान मिलने से साहित्यिक जगत में हर्ष का वातावरण है। विशेष रूप से गीत-नवगीत की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था ‘वागर्थ’ से जुड़े रचनाकारों ने इसे उनके वर्षों के अथक परिश्रम, साहित्य-साधना और निस्वार्थ समर्पण की स्वीकृति, मान्यता एवं सम्मान बताया है।
उल्लेखनीय है कि मनोज जैन ‘मधुर’ ने देश-विदेश के रचनाकारों को एक मंच पर जोड़ते हुए गीत और नवगीत की समृद्ध परंपरा को नई ऊर्जा प्रदान की है। उनकी साहित्यिक सक्रियता और रचनात्मक योगदान को देखते हुए यह सम्मान उनके साहित्यिक अवदान का महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सम्मान माना जा रहा है।


0 टिप्पणियाँ