शिवकुमार अर्चन स्मृति गीतकार सम्मान से सम्मानित होंगे मनोज जैन 'मधुर'
भोपाल में 5 जुलाई को होगा गीत विमर्श एवं सम्मान–2026
भोपाल। मध्यप्रदेश की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था वागर्थ के संस्थापक सुप्रसिद्ध गीतकार मनोज जैन मधुर को शिवकुमार अर्चन जी के परिजनों द्वारा स्थापित 'शिवकुमार अर्चन स्मृति गीत सम्मान–2026' का आयोजन 5 जुलाई 2026 (रविवार) सायं 5:30 बजे दुष्यंत कुमार संग्रहालय, भोपाल में गीत विमर्श के दौरान दिया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ गीतकार मयंक श्रीवास्तव करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. साधना बलवटे, निदेशक, निराला सृजन पीठ, उपस्थित रहेंगी। सारस्वत अतिथियों में युवा समालोचक राजा अवस्थी, वरिष्ठ नवगीतकार राम सेंगर तथा नवगीतकार जयप्रकाश श्रीवास्तव अपनी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन को समृद्ध करेंगे।
आयोजन में 'शिवकुमार अर्चन स्मृति गीतकार सम्मान–2026' होगा। यह सम्मान इस वर्ष चर्चित गीतकार मनोज जैन 'मधुर' को उनकी उल्लेखनीय साहित्यिक एवं गीत-साधना के लिए प्रदान किया जाएगा। आयोजन में गीत-पाठ का विशेष सत्र भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें ऋषि शृंगारी, ममता वाजपेयी, मधु शुक्ला, जयप्रकाश श्रीवास्तव, मनोज जैन, पंकज पराग, डॉ. प्रतिभा द्विवेदी तथा चित्रांश बाघमारे अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे।
इस अवसर पर शिवकुमार अर्चन के चर्चित गीतों की सस्वर प्रस्तुति जयप्रकाश श्रीवास्तव एवं डॉ. प्रतिभा द्विवेदी द्वारा दी जाएगी।कार्यक्रम के संयोजक वरिष्ठ गीतकार अशोक निर्मल हैं, जबकि आकल्पन जयप्रकाश श्रीवास्तव (जबलपुर) का है। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ उद्घोषक विमल भंडारी करेंगे। आयोजकों ने साहित्यप्रेमियों, गीतकारों, रचनाकारों तथा सुधी नागरिकों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है।



0 टिप्पणियाँ