म.प्र. साहित्य अकादमी भोपाल द्वारा नारदमुनि पुरस्कार से अलंकृत

मध्यप्रदेश लेखक संघ की काव्य गोष्ठी में कवियों ने सुनाई रोचक रचनाएं

मध्यप्रदेश लेखक संघ की काव्य गोष्ठी में कवियों ने सुनाई रोचक रचनाएं
उज्जैन। कालिदास और शेक्सपियर दोनों महान कवि हैं। दोनों ने मानवीय मन की विविध भावनाओं को अपनी रचनाओं में प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया है, लेकिन कालिदास की कविताओं में जो चैतन्यता और जीवंतता है, वह दुनिया के किसी अन्य कवि में देखने को नहीं मिलती। इसीलिए कालिदास से बड़ा कवि दुनिया में कोई नहीं है। यह विचार प्रख्यात मालवी साहित्यकार डॉ. शिव चौरसिया ने मध्यप्रदेश लेखक संघ की ओर से प्रेस क्लब में आयोजित काव्यांजलि में सारस्वत अतिथि के रूप में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि नगर के समकालीन कवि कालिदास और सुमनजी की साहित्यिक परंपरा को बखूबी आगे बढ़ा रहे हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश लेखक संघ, उज्जैन के अध्यक्ष प्रो. हरिमोहन बुधौलिया ने की। मुख्य अतिथि प्रेमचंद सृजन पीठ के निदेशक श्री मुकेश जोशी थे। विशेष अतिथि डॉ. उर्मि शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि इंजी. हेमराज राठौर ने भी अपने विचार व्यक्त किए और कविताओं का पाठ किया। वरिष्ठ कवि सुगनचंद जैन ने 'वंदे मातरम्, इस माटी का गौरव और अभिनंदन है' गीत प्रस्तुत कर काव्यांजलि को नई ऊंचाई प्रदान की।

काव्यपाठ में डॉ. पंकजा सोनवलकर, अशोक रक्ताले, संदीप सृजन, संतोष सुपेकर, संगीता तल्लेरा, आशागंगा, प्रमोद शिरढोणकर, अरुणेश्वरी गौतम, डॉ. राजेश रावल, डॉ. रश्मि मोयदे, श्रीकृष्ण गुप्ता, राकेश चौरडिया, डॉ. खुशबू बाफना, रमेश मनोहरा, डॉ. प्रीति जोशी, आर.पी. तिवारी और राकेश जैन ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं की प्रशंसा प्राप्त की। सरस्वती वंदना संगीता तल्लेरा ने प्रस्तुत की।

अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर काव्य गोष्ठी का शुभारंभ किया। अतिथियों का स्वागत संदीप सृजन, आर.पी. तिवारी, एस.सी. जोशी, राजेश रावल और प्रीति जोशी आदि ने किया। आयोजन में कवयित्री शारदा श्री, डॉ. अभिलाषा शर्मा, हरिहर शर्मा, आर.सी. शर्मा, डॉ. डी.एस. नागरिया सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हरीशकुमार सिंह ने किया तथा आभार डॉ. खुशबू बाफना ने व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ