कलम प्रिया लेखिका साहित्य संस्थान का वार्षिकोत्सव संपन्न
शशि सक्सेना की पुस्तक ‘मेरा शहर’ का हुआ विमोचन
जयपुर। कलम प्रिया लेखिका साहित्य संस्थान का वार्षिकोत्सव 14 अक्टूबर 2026 को राजस्थान विश्वविद्यालय के देराश्री भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती अनुपमा माथुर की मधुर सरस्वती वंदना से हुआ। इस अवसर पर संस्थान की अध्यक्ष, ज्योतिषाचार्य एवं लेखिका शशि सक्सेना की पुस्तक ‘मेरा शहर’ का विमोचन मुख्य अतिथि जयपुर शहर की सांसद मंजू शर्मा ने किया।
इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि पुस्तक समाज का दर्पण होती है और समाज को नई दिशा प्रदान करती है। ऐसी पुस्तकों का नियमित प्रकाशन होना चाहिए, ताकि आज की पीढ़ी और समाज को उचित दिशा मिल सके।
संस्थान की समन्वयक पवनेश्वरी वर्मा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। संस्थान की सचिव डॉ. कंचना सक्सेना ने पुस्तक ‘मेरा शहर’ से कविताओं का वाचन किया। विशिष्ट अतिथि शेरवानी फाउंडेशन की अध्यक्ष रेशमा खान ने पुस्तक पर चर्चा करते हुए कलम प्रिया की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला। मैत्रेय संस्थान के संस्थापक एवं ज्योतिषाचार्य अनुपम जौली ने कहा कि यह संस्थान साहित्य के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। महाराजा विनायक कॉलेज की प्राचार्य डॉ. नीलम शर्मा ने पुस्तक ‘मेरा शहर’ की समीक्षा प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रागिनी ईश्वर ने किया। उन्होंने अपनी प्रभावी संचालन शैली से कार्यक्रम को रोचक बनाए रखा। इस दौरान संस्थान की सदस्याओं ने गरबा नृत्य प्रस्तुत किया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। रितिका मदान एवं उनकी सहयोगी सदस्याओं ने नाटिका का मंचन भी किया।
समारोह में वरिष्ठ साहित्यकारों राज चतुर्वेदी, आभा सिंह, शशि पाठक, सुषमा शर्मा, रंजना माथुर, प्रतिमा शर्मा, डॉ. स्नेहलता सहाय और शारदा जेटली को सम्मानित किया गया। संस्थान की सक्रिय सदस्याओं रितिका मदान, मनीषा दुबे, शशि तनेजा, सुनीता त्रिपाठी और पवनेश्वरी वर्मा सहित अन्य सदस्याओं को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। सुधीर उपाध्याय को ‘मातृभक्त सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
संस्थान द्वारा सत्र भर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का समापन गरबा नृत्य और भोजन के साथ हुआ।


0 टिप्पणियाँ