म.प्र. साहित्य अकादमी भोपाल द्वारा नारदमुनि पुरस्कार से अलंकृत

डॉ विकास दवे को वियतनाम में दो अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया गया

डॉ विकास दवे को वियतनाम में दो अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया गया

भोपाल । भारतीय साहित्य और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाते हुए वियतनाम में आयोजित एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में भारत के साहित्यकार मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ विकास दवे को दो प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया। चार दिवसीय इस सांस्कृतिक यात्रा के दौरान उन्हें ‘बंकिम चंद्र चटर्जी साहित्य सम्मान 2026’ और ‘आचार्य भरत मुनि सम्मान 2026’ प्रदान किए गए।

यह आयोजन हिंदुस्तान आर्ट्स एंड म्यूजिकल सोसायटी द्वारा भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय, विदेश विभाग और वियतनाम दूतावास के सहयोग से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में भारत और वियतनाम के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय शास्त्रीय नृत्य जैसे कथक, भरतनाट्यम, मणिपुरी और असमिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं वियतनाम के विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक झलकियां भी नृत्य और संगीत के माध्यम से प्रस्तुत की गईं। कार्यक्रम के अंत तक दोनों देशों के कलाकारों के बीच गहरा सांस्कृतिक सामंजस्य देखने को मिला।

अपने संबोधन में डॉ विकास दवे ने वैश्विक परिप्रेक्ष्य में शांति का संदेश देते हुए कहा कि जब दुनिया के कई हिस्से संघर्ष और युद्ध की स्थिति में हैं, ऐसे समय में भारत और वियतनाम जैसे देश बुद्ध के विचारों के माध्यम से विश्व को शांति का मार्ग दिखा सकते हैं। उन्होंने अपने सम्मान को व्यक्तिगत उपलब्धि न मानते हुए इसे भारतीय साहित्य और कला की वैश्विक पहचान का प्रतीक बताया। इस अवसर पर वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास के काउंसलर एस. चिनपाऊ और वियतनाम यूनिवर्सिटी के डिप्टी डीन निगुएन ट्रान ट्रिएन सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

डॉ विकास दवे ने इस सम्मान के लिए आयोजकों और विशेष रूप से प्रो सेनजीत पोद्दार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विदेश में इस प्रकार का सम्मान मिलना भारतीय सांस्कृतिक परंपरा और साधना की वैश्विक स्वीकृति का प्रमाण है। कार्यक्रम ने न केवल कला और साहित्य के क्षेत्र में नई संभावनाएं खोलीं, बल्कि भारत और वियतनाम के बीच सांस्कृतिक संबंधों को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ