म.प्र. साहित्य अकादमी भोपाल द्वारा नारदमुनि पुरस्कार से अलंकृत

प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा नागरी लिपि परिषद् नई दिल्ली के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत


उज्जैन। नागरी लिपि परिषद् नई दिल्ली द्वारा सम्राट् विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन के हिंदी विभागाध्यक्ष एवं कुलानुशासक प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा को नागरी लिपि परिषद् का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। देवनागरी लिपि के माध्यम से राष्ट्रीय - भावात्मक एकता और विश्व बंधुत्व के साथ देश - विदेश की भाषाओं की सम्पर्क लिपि के रूप में देवनागरी लिपि की प्रतिष्ठा और संवर्धन की दृष्टि से विगत पांच दशकों से यह संस्था निरन्तर क्रियाशील बनी हुई है। प्रो शर्मा अनेक दशकों से इस संस्था के माध्यम से सूचना - संचार प्रौद्योगिकी और लोक एवं जनजातीय भाषाओं की लिपि के रूप में देवनागरी के संवर्धन और प्रसार के लिए निरन्तर सक्रिय हैं। पिछले साढ़े तीन दशकों से समीक्षा एवं अनुसंधानपरक लेखन में निरंतर सक्रिय प्रो शर्मा ने साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने शब्दशक्ति सम्बन्धी भारतीय और पाश्चात्य अवधारणा तथा हिन्दी काव्यशास्त्र, देवनागरी विमर्श, मालवा का लोकनाट्‌य माच और अन्य विधाएं, गोंडी लोक साहित्य, भीली लोक साहित्य, हिंदी भीली अध्येता कोश, बघेली लोक साहित्य, मालवी लोक साहित्य, हिन्दी भाषा संरचना, हिंदी कथा साहित्य, प्राचीन एवं मध्यकालीन काव्य, महात्मा गांधी: विचार और नवाचार, सिंहस्थ विमर्श, मालवी भाषा और साहित्य, अवन्ती क्षेत्र और सिंहस्थ महापर्व आदि सहित पैंतीस से अधिक पुस्तकों का लेखन एवं सम्पादन किया है। शोध पत्रिकाओं और ग्रन्थों में उनके 350 से अधिक शोध एवं समीक्षा निबंधों तथा 850 से अधिक कला एवं रंगकर्म समीक्षाओं का प्रकाशन हुआ है। देश के अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से अलंकृत प्रो शर्मा ने भाषा, लिपि, साहित्य और लोक संस्कृति से जुड़ी अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की अनेक संगोष्ठी और कार्यशालाओं का समन्वय किया है।

प्रो शर्मा की इस उपलब्धि पर राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना के संगठन मंत्री डॉ प्रभु चौधरी, राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ हरीशकुमार सिंह, म प्र लेखक संघ के अध्यक्ष प्रो हरिमोहन बुधौलिया, सरल काव्यांजलि के संस्थापक श्री संतोष सुपेकर, प्रातिशाख्य परिषद् के प्रो जगदीश चंद्र शर्मा, डॉ अनिल जूनवाल आदि सहित अनेक शिक्षाविद्, संस्कृतिकर्मी और साहित्यकारों ने हर्ष व्यक्त कर प्रो शर्मा को बधाई दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ