अभिव्यक्ति विचार मंच ने किया प्रतिभाओं को सम्मानित
नागदा। पिछले दो दशक से भी अधिक समय से नगर की संस्था अभिव्यक्ति विचार मंच ने साहित्य और संस्कृति विधा में जो कार्य किए है, वह निश्चित रूप से अभूतपूर्व और वंदनीय है। यह बात संस्था के 22 वे वार्षिक प्रतिभा सम्मान समारोह में भोपाल के शिक्षाविद् और चार बार राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता डॉ के बी गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय श्री शेषशायी कॉलेज के सभागृह में सम्मानित हुए सभी रचनाकारों और गणमान्य नागरिकों को संबोधित करते हुए कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मंच के अध्यक्ष श्री प्रफुल्ल शुक्ला ने कहा कि मंच का साहित्य मार्ग पर इतना लंबा सफर तय करना यह प्रदर्शित करता है कि आज भी साहित्य साधक निश्चिल भाव से संस्था पर भरोसा कर प्रत्येक आयोजन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते है। इस मौके पर मंचासीन महिदपुर के वरिष्ठ साहित्यकार श्री जवाहर डोसी पीयूष ने भी कलम की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले साढ़े पांच दशक से भी अधिक समय से पत्र लेखन के माध्यम से वो कार्य किए जिसने समाज की दशा और दिशा तय होती चली गई। उन्होंने कहा कि मार्च,2024 में उनके एक प्रकाशित पत्र के माध्यम से सरकार को एक सुझाव दिया था कि देहदान की स्वीकृति प्रदान करने वाले परिजनों को के समक्ष देह को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाना चाहिए जिसका सुखद परिणाम यह हुआ है कि सरकार ने विधिवत यह परंपरा प्रारंभ कर दी है।
इस कार्यक्रम में पुलिस विभाग ने उप निरीक्षक योगिता उपाध्याय,वरिष्ठ पत्रकार श्री शरद गुप्ता, नपा परिषद जल सभापति श्री प्रकाश जैन , मंच सचिव श्रीमती प्रीति जायसवाल ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में इस वर्ष वीडियो रिकॉर्डिंग पर केंद्रित काव्य लेखन प्रतियोगिता के विषय मां और पिता खुशहाली का आधार विषय पर महिदपुर के श्री जवाहर डोसी पीयूष को प्रथम, शिक्षिका महिमा सक्सेना को द्वितीय तथा श्री गोपाल सुनहरे को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा। विशेष भागीदारी पुरस्कार से बड़नगर के सर्वश्री हीरालाल सत्संगी, सत्यनारायण उपाध्याय (ख़ाचरौद), सुंदर लाल जोशी, वंशिका भदौरिया, राकेश मिश्र, अजय सिंह शेखावत, सुमित सिंह कुशवाह और अमित सिंह कुशवाह को समारोह में दुपट्टा , प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार पिता है तो सब कुछ है विषय पर स्व रचित काव्य लेखन प्रतियोगिता में प्रथम देशना जैन (उज्जैन), नागदा के कृष्ण चन्द पुरोहित को द्वितीय तथा प्रीति काठेड को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा। इसके अलावा विशेष अभिव्यक्ति पुरस्कार के क्रम में अरस्तू सिंह कौर, भूपेंद्र सिंह पंवार, कोमल खिरिया,तृप्ति आशीष तोतला, प्रीति विश्वकर्मा, सृष्टि काबरा, योगेंद्र डोडिया, दीपिका मिश्रा, अभिषेक साहनी, श्रीमती अंजू सुरेंद्र चौहान,श्रीमती गगनदीप बर्मी, आर्ची अग्रवाल, आनंदी लाल सोनी, अद्विता श्रीवास्तव, डॉ लक्ष्मी नारायण सत्यार्थी, राजकुमारी परमार, कृष्णा निषाद, संजना पोरवाल,सपना परिहार, पिंकी सेठिया, दीप्ति अनुराग पोद्दार,एकता झवर, विजय सक्सेना,बी एल परमार और सुग्रीव गुप्ता को भी सम्मानित किया गया।
संस्था की परंपरा के अनुसार इस वर्ष का विष्णु जोशी अंशु सम्मान युवा कवि श्री देव गुर्जर को दिया गया। वहीं संगीत विधा में गायक स्व राम प्रकाश राय स्मृति सम्मान सरदार श्री सुखजिंदर सिंह कुंदी को प्रदान किया गया।
नगर ने लगातार श्रेष्ठ सामाजिक कार्य कर रही संस्था नवकिरण सामाजिक संस्था को अभिव्यक्ति सेवा सम्मान से भी अतिथियों ने नवाजा। इस मौके पर घोषित श्रेष्ठ रचनाकार के रूप सुश्री देशना जैन, प्रीति कांठेड़, कृष्ण चंद्र पुरोहित और श्रीमती महिमा सक्सेना ने मंच से कविता पाठ किया। कार्यक्रम में पूर्व नपा अध्यक्ष और वरिष्ठ साहित्यकार श्री बालेश्वर दयाल जायसवाल ने भी वीडियो संदेश के माध्यम से अपनी शुभकामनाएं कार्यक्रम में दी।
मंचासीन संस्थापक अध्यक्ष डॉ सुरेंद्र मीणा ने मंच के सृजन वर्ष 16 सितंबर 2003 से अब तक के 22 वर्ष की गतिविधियों और उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। डॉ मीणा ने कहा कि अभिव्यक्ति मंच और अखिल भारतीय साहित्य परिषद के इस संयुक्त संयोजन में आज के इस आयोजन ने निश्चित ही कीर्तिमान रच दिया है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। मालवी सरस्वती वंदना डॉ सत्यार्थी ने प्रस्तुत की। स्वागत गीत अतुल मालपानी ने गाया। गजलकार यशवंत दीक्षित ने अपने मुक्तक से दाद बटौरी। कार्यक्रम का संचालन मंच सह संयोजक कवि श्री अशोक शर्मा मृदुल ने किया तथा आभार संयोजक श्री धर्मेंद्र गुप्ता ने व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अवधेश पुरोहित, अर्जुन राजोरिया, सारिका शर्मा, सुनीता सुरेंद्र मीणा, सुमन रघुवंशी , कमलेश शुक्ला, कमलेश जायसवाल, राजेंद्र शर्मा आदि की भूमिका सराहनीय रही।
0 टिप्पणियाँ