अरसेला के गीतों में अंतरात्मा की आवाज : वीरेन्द्र आस्तिक
भोपाल। युवा कवि इन्द्र सिंह अरसेला की दो पुस्तकों ‘मुझको जीकर देख’ और ‘मैं चुप रहा तो’ का लोकार्पण दुष्यन्त कुमार संग्रहालय में वागर्थ समूह द्वारा आयोजित समारोह में किया गया। इस अवसर पर नवगीत के प्रख्यात समालोचक वीरेन्द्र आस्तिक ने कहा कि अरसेला के गीतों में अंतरात्मा की आवाज है। उनकी रचनाओं में दंभ के बजाय करुणा और दया का स्वर है। पुस्तकों के शीर्षक ही बहुत कुछ कहते हैं। उन्होंने कहा कि अरसेला की रचनाएं लोकजीवन के निकट हैं तथा उनमें वेदना और बगावत के स्वर भी उभरकर आए हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ गीतकार मयंक श्रीवास्तव ने कहा कि कवि की रचनाओं में उनके निजी जीवन के प्रतिबिंब और संवेदनाएं व्यक्त हुई हैं। उन्होंने समीक्षकों से आग्रह किया कि वे केवल रचनाओं और रचनाकारों की प्रशंसा तक सीमित न रहें, बल्कि शिल्पगत त्रुटियों की ओर भी कवि का ध्यान आकर्षित करें। सारस्वत अतिथि वीरेन्द्र निर्झर ने कहा कि अरसेला के गीतों में शोषितों और पीड़ितों का दर्द अभिव्यक्त हुआ है। उनके गीत जुझारूपन और संघर्ष की प्रेरणा देते हैं। विशिष्ट अतिथि गीतकार कांति शुक्ला ने कहा कि अरसेला अपने गीतों में सत्य को प्रखरता और बिंबात्मक कौशल के साथ अभिव्यक्त करने का हुनर रखते हैं।
वरिष्ठ कवि महेश अग्रवाल और प्रसिद्ध कवयित्री मधु शुक्ला ने लोकार्पित कृतियों की समीक्षा करते हुए उनके विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इस अवसर पर इन्द्र सिंह अरसेला ने अपने दोनों संग्रहों से चुनिंदा रचनाओं का पाठ किया। इसके बाद आयोजित कवि गोष्ठी में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. रामवल्लभ आचार्य, ऋषि श्रृंगारी, राजेन्द्र गट्टानी, किशन तिवारी, दिनेश प्रभात, हरिवल्लभ शर्मा, दिनेश मालवीय, ममता वाजपेयी, सीमा हरि शर्मा, दीपक पंडित, प्रमोद जैन ‘प्रेम’, प्रतिभा द्विवेदी और नीता सक्सेना ने अपनी रचनाओं का पाठ किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में नवगीतकार एवं वागर्थ के संस्थापक मनोज जैन ‘मधुर’ ने अतिथियों का पुष्पहारों से स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कवि एवं वागर्थ समूह के एडमिन सुनील चतुर्वेदी ने समूह की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए स्वागत वक्तव्य दिया। लेखिका एवं कवयित्री अनिता तिवारी ने कार्यक्रम का संचालन किया। अंत में कवि बी.एल. गोहिया ने आभार व्यक्त किया।


0 टिप्पणियाँ